Tuesday, 18 October 2016

INDvsNZ ODI सीरीज : रैना दूसरे वनडे से भी बाहर

धर्मशाला के बाद अब भारतीय टीम की नज़र दिल्ली जीतने पर है, लेकिन मैच जीतने की प्राथमिकता के साथ टीम इंडिया अपने कॉम्बिनेशन से जुड़े कुछ सवालों के जवाब भी तलाश रही है, क्योंकि चैंपियन्स ट्रॉफ़ी (जून 2017 में) से पहले अब ज्यादा मैच बाकी नहीं हैं.इससे पहले, धर्मशाला वनडे में भी सुरेश रैना बीमारी की वजह से टीम से बाहर रहे थे. रैना की गैरमौजूदगी में कप्तान एमएस धोनी ने धर्मशाला में पांचवें नंबर पर आकर बल्लेबाज़ी की. वैसे 'माही' इस सीरीज़ में ऐसे ही ऊपर आकर बल्लेबाज़ी करने की ख़्वाहिश जता चुके हैं.
टीम इंडिया ने धर्मशाला में बेहद आसान जीत दर्ज की. हर लिहाज़ से फिरोजशाह कोटला पर होने वाले दूसरे वनडे मैच में भी भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है. ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान एमएस धोनी क्या विनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव लाना चाहेंगे? सुरेश रैना के दूसरे वनडे के लिए भी फिट नहीं हो पाने के कारण इसकी संभावना नहीं के बराबर है. वायरल बुखार से जूझ रहे रैना अभी भी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं और दूसरे वनडे में भी नहीं खेल पाएंगे. 
टीम इंडिया का एक बड़ा लक्ष्य आईसीसी रैंकिंग में कीवी टीम को चित कर तीसरे नंबर पर पहुंचना भी है... इस लक्ष्य के लिए भारत को कीवी टीम को 4-1 या 3 मैचों के अंतर से जीत हासिल करने की ज़रूरत होगी... यानी टीम के लिए इस मिशन पर ढील बरतने की गुंजाइश नहीं है.

No comments:

Post a Comment