Tuesday, 18 October 2016

अश्विन को लेकर पाकिस्तान के स्पिनर यासिर शाह की 'गुगुली', दिया ये बयान

पाकिस्तान के फॉर्म में चल रहे स्पिनर यासिर शाह ने एक इच्छा जाहिर की है, जिसका पूरा होना फिलहाल बहुत मुश्किल नजर आ रहा है। यासिर भारत और आर अश्विन के खिलाफ टेस्ट मैच खेलना चाहते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में पांच विकेट झटकने के साथ ही यासिर टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 विकेट पूरे करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए।
उन्होंने 17वें टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि सबसे तेजी से 100 टेस्ट विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड अभी भी इंग्लैंड के जॉर्ज लोहमान के नाम है। उन्होंने 16 मैचों में यह रिकॉर्ड बनाया था। एक इंटरव्यू में यासिर शाह ने कहा, 'पाकिस्तान और भारत के हर क्रिकेट खिलाड़ी की एक-दूसरे के खिलाफ खेलने की इच्छा होती है। मैंने अब तक भारत के खिलाफ कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, इसलिए मैं भी ऐसा चाहता हूं।' गौरतलब है कि दुबई टेस्ट से पहले सबसे तेज 100 टेस्ट विकेट लेने वाले एशियाई स्पिन गेंदबाज का रिकॉर्ड रखने वाले अश्विन ने यासिर को ट्वीट कर इस टेस्ट के लिए शुभकामनाएं दी थीं।
यासिर ने कहा, 'जी हां, उन्होंने (अश्विन) ने मुझे शुभकामना दी थी और इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर मौजूद अश्विन जैसा वर्ल्ड क्लास गेंदबाज जब आपको शुभकामना देता है तो निश्चित तौर पर यह प्रेरणादायी होता है।'
गौरतलब है कि अश्विन हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म हुई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने। अश्विन ने 37 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि सबसे तेजी से 200 टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के क्लैरी ग्रिमेट के नाम है। ग्रिमेट ने 36 मैचों में यह कारनामा किया था।
यासिर और अश्विन अब तक सिर्फ एक बार मैदान पर एक-दूसरे के सामने आए हैं। पिछले साल हुए वर्ल्ड कप के इस मैच में जहां अश्विन को एक विकेट मिला था, वहीं यासिर बिना विकेट के रह गए थे। भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक गतिरोध के चलते 2007 से कोई द्विपक्षीय मैच या सीरीज नहीं हुई है। इस बीच अश्विन ने 2011 में टेस्ट में डेब्यू किया, जबकि यासिर ने दो साल पहले ही टेस्ट खेलना शुरू किया है।

No comments:

Post a Comment