Saturday, 15 October 2016

भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होते रहना चाहिए: सनथ जयसूर्या

श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर सनथ जयसूर्या का मानना है कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक चिंताओं के बावजूद भारत और पाकिस्तान के बीच अंतर्राष्ट्रीय मैच लगातार होते रहना चाहिए। एशिया के दो देशों के बीच पिछले एक महीने से हालात ठीक नहीं है और ऐसे में भारत व पाकिस्तान के बीच मुकाबले होना संभव नहीं लग रहा है।

हाल ही में बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने भी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अनाधिकारिक रूप से गुजारिश की थी कि जब तक परिस्थिति सही नहीं हो जाए तब तक दोनों देशों के बीच बड़े टूर्नामेंटों में भी मुकाबले न हो। इसके बावजूद शाहिद अफरीदी और सईद अजमल समेत कुछ क्रिकेटरों ने भारत-पाक मुकाबले नहीं होने पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा था कि ऐसा नहीं होना चाहिए।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सनथ जयसूर्या ने कहा, 'एक क्रिकेटर के तौर मेरा मानना है कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट होते रहना चाहिए। दोनों देशों के मामले में मैं कोई टिपण्णी नहीं कर सकता हूं। क्रिकेट और राजनीती अलग-अलग हैं।'

विश्व में लोगों के लिए आतंकवाद बड़ी समस्या है और लंका के महान क्रिकेटर का मानना है कि इसे खत्म कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं एक खिलाड़ी हूं और मुझे नहीं पता कि इस मसले पर क्या कहना चाहिए। हालांकि इसे खत्म करना चाहिए।'

भारत और पाकिस्तान के बीच अगले वर्ष आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में मैच होना है और यह देखना रोचक होगा कि इस दौरान क्या विवाद उभरकर आती हैं। भारतीय टीम फिलहाल न्यूजीलैंड की टीम की मेजबानी कर रही है, जबकि पाकिस्तान की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलने में व्यस्त है।

बाएं हाथ के बल्लेबाज विश्व के सर्वश्रेष्ठ वन-डे खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल किया है।

No comments:

Post a Comment